राजनाथ सिंह का ट्रंप पर निशाना, बोले – “जो खुद को दुनिया का बॉस समझते हैं, उन्हें …”

भोपाल में बीईएमएल रेल हब के ‘नेक्स्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री’ के भूमि पूजन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे तेज़ी से विकास करने वाला देश है। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को भारत की तरक्की पसंद नहीं आ रही। जो खुद को दुनिया का बॉस समझते हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि भारत इतनी तेज़ी से आगे कैसे बढ़ रहा है।”
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें भारत में बनी चीजों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगा करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि लोग उन्हें न खरीदें। उन्होंने विश्वास जताया कि मौजूदा रफ्तार से भारत एक दिन दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में शुमार होगा।
रक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब भारत 24,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का रक्षा सामान निर्यात कर रहा है और यह निरंतर बढ़ रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकियों ने पहलगाम में पर्यटकों की धर्म पूछकर हत्या की, लेकिन भारत ने उनका कर्म देखकर जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि बीईएमएल की यह नई फैक्ट्री मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। 1,800 करोड़ रुपये की इस परियोजना का काम दो वर्षों में पूरा होगा, जिसमें रेल डिब्बों के साथ रेलवे के अन्य उत्पाद भी तैयार होंगे।
मध्य प्रदेश की प्रगति की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, “अब एमपी सिर्फ ‘मध्य प्रदेश’ नहीं, बल्कि ‘मॉडर्न प्रदेश’ बन गया है।” उन्होंने बताया कि बीईएमएल द्वारा बनाए जा रहे वंदे भारत रेल कोच देश के परिवहन क्षेत्र को नई गति दे रहे हैं और इस परियोजना का असर पूरे प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों तक विकास की लहर पहुंचाएगा।